मेरे बारे में

मेरा फोटो
मैं अभी भी अपने व्यक्तित्व की तलाश में भटक रहा हूँ...बचपन से एक निर्बाध झरने सा जंगल पहाड़ों को चीड़ते हुये बहते रहना मुझे हरदम अच्छा लगता था...तितलियों को उड़ते हुये देखता तो मन ललच जाता था उनके पंख चुराने को...कान्हा का मोरपंख मेरे मानस मे सबसे ज्यादा उपयुक्त वस्तु था खुद के शृंगार का...और बंसी की धुन पर राधा का नृत्य मन को उल्लासित करने का सबसे आसान उपाय...आज भी मेरे लिए ये सारे मौजूद हैं...ये हैं मेरी कल्पना में तो मैं हूँ...

सोमवार, 25 जनवरी 2010

मौन की समिधा


हैं दिशाएं चुप की बस अब मौन की समिधा जलेगी,

मनुष्य के अंतःकरण में समय की दुविधा पलेगी,

ज़िन्दगी का अर्थ कोई जान पाया है कहाँ तक,

ज़िन्दगी ही ज़िन्दगी को ज़िन्दगी बन कर छलेगी ।

जल रहे हैं सभ्यता के गरिमामयी अवशेष सारे,

टूट कर गिरने लगे हैं संस्कृति के पुंज तारे,

खून की फेनिल नदी से देखो कोई है पुकारे,

घृणा और विद्वेष में क्या यूँ ही ये धरती जलेगी?

ज़िन्दगी ही ज़िन्दगी को ज़िन्दगी बन कर छलेगी ।

पशु वृत्ति को ओट ले देखो हम सब जी रहे हैं,

नीर के बदले मनुष्य का रुधिर देखो हम पी रहे हैं,

चीर कर खुद का ही सीना खुद ही उसको सी रहे हैं,

मौत की खेती यहाँ पर खूब फूलेगी और फलेगी,

जिंदगी ही जिंदगी को जिंदगी बन कर छलेगी।

थे खुले दरवाज़े सब अब बंद हो कर रह गए हैं,

घुप्प अँधेरे अपनी किस्मत में हमीं तो गह गए हैं,

मनुष्यत्व की लाश हम काँधे पे ढोते रह गए हैं ,

अब नहीं हिम की शिला गंगा बनी फिर से गलेगी,

ज़िन्दगी ही ज़िन्दगी को ज़िन्दगी बन कर छलेगी।

हम सभी उद्दाम वासना के द्वार पर देखो खड़े हैं,

"अहम्" की परछाईयों में जी रहे हम सब अड़े हैं,

भाई भाई भाईचारा भूल कर देखो कैसे लड़े हैं,

ऐसे में किसकी चली है और किसकी है चलेगी,

जिंदगी ही ज़िन्दगी को ज़िन्दगी बन कर छलेगी।

गर दिखे कोई किरण तो तुम बढ़ के उसको रोक लो ,

मुट्ठियों में जकड उसको तुम जाओ अपनी कोख लो,

और प्यासी जीभ से तुम उसकी तरलता सोख लो,

जिंदगी शायद तुम्हारे कोख में फिर से पलेगी,

जिंदगी फिर जिंदगी को ज़िन्दगी बन कर मिलेगी।
_ निहार ( अप्रकाशित नाद ध्वनि संकलन वर्ष १९९० से )

2 टिप्पणियाँ: